14 मई को साँची आएंगे श्रीलंका के राष्ट्रपति

रायसेन जिले के साँची में 14 मई को श्रीलंका के राष्ट्रपति श्री धर्मपाला सिरीसेना का आगमन प्रस्तावित है। वे वहाँ श्रीलंका महाबोधि सोसायटी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रपति साँची आगमन के बाद महात्मा बुद्ध के शिष्य महामोग्लायन एवं सारिपुत्र की पवित्र अस्थियों का दर्शन कर बौद्ध स्तूप का भ्रमण करेंगे।

वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने जिला प्रशासन द्वारा श्रीलंका के राष्ट्रपति की यात्रा के लिये की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री द्वय ने व्यवस्थाओं के संबंध में अनेक निर्देश भी दिए। उन्होंने हेलीपेड से चैत्यगिरि विहार, बौद्ध स्तूप तथा श्रीलंका महाबोधि सोसायटी में की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव ने तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था, अतिविशिष्ट व्यक्तियों के आगमन आदि के बारे में बताया।

इस दौरान संभाग आयुक्त श्री एस.बी. सिंह, एस.पी. श्री दीपक वर्मा, श्रीलंका महाबोधि सोसायटी के स्वामी विमलतिस्य, स्वामी चन्द्ररतन उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here