भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का संयुक्त राज्य अमेरिका की आठ दिवसीय यात्रा के बाद 8 अक्टूबर को स्वदेश आगमन होगा। श्री चौहान दिल्ली होते हुए शाम लगभग पाँच बजे भोपाल आयेंगे।

श्री चौहान अमेरिकी समयानुसार आज दोपहर डेढ़ बजे ओ-हरे अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शिकागो से विमान द्वारा रवाना होकर 8 अक्टूबर को अपरान्ह 3.30 बजे दिल्ली पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री वहाँ से रवाना होकर शाम 5 बजे स्टेट हेंगर भोपाल आयेंगे।

श्री चौहान 29 सितम्बर को संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा पर गये थे। उनकी अमेरिका में विश्व बैंक के अधिकारियों से महत्वपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान वाशिंगटन में अमेरिकी राजनयिकों से विभिन्न मसलों पर चर्चा हुई। यहाँ उन्होंने यू.एस.इण्डिया बिजनेस काउंसिल और भारतीय उद्योग परिसंघ की बिजनेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। श्री चौहान ने मिशिगन विश्वविद्यालय में रास बिजनेस स्कूल के इंडिया समिट में भी व्याख्यान दिया। मध्यप्रदेश सहित भारत में हो रहे विकास तथा नवाचारों की प्रभावी प्रस्तुति से उपस्थित प्रबुद्ध वर्ग ने अपनी सहमति व्यक्त की। श्री चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश भारत के सबसे तेजी से विकास कर रहे राज्यों में शामिल है। मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान अमेरिका के प्रमुख व्यवसायिक एवं वाणिज्यिक नगर डेट्रायट भी गये।

श्री चौहान ने यात्रा के अंतिम चरण में शिकागो स्थित विवेकानंद स्मारक जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शिकागों में श्री चौहान ने भारतीय समुदाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित उद्योगपतियों, प्रबुद्धजनों तथा जनसमुदाय का ध्यान मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री विशेष रूप से विश्व बैंक के आमंत्रण पर वाशिंगटन गये थे। विश्व बैंक में उन्होंने हिन्दी में भाषण देते हुए मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिये किये गये कार्यों का विशेष उल्लेख किया। लोक सेवा प्रदाय गारंटी, ई-प्रशासन की जानकारी सहित उन्होंने मध्यप्रदेश की उच्च विकास दर, विशेष रूप से कृषि विकास दर, का उल्लेख किया। मध्यप्रदेश में चल रही योजनाओं तथा विकास की भावी रणनीति के संबंध में उनके द्वारा दी गयी जानकारी पर विश्व बैंक का सहयोगी रूख सामने आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here