भोपाल, दिसंबर 2012/ प्रदेश के विश्वविद्यालयों में कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। अधिकारी वर्ग ने भी बुधवार से मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। इससे परीक्षा का काम बुरी तरह प्रभावित होने के हालात बन गए हैं।

भोपाल में बरकतुल्‍ला विवि के रजिस्ट्रार सहित सभी उप कुलसचिव व सहायक कुलसचिव दोपहर 3 से 4 बजे के बीच हड़ताल पर रहे। उधर गैर शिक्षक कर्मचारियों की हड़ताल को मध्यप्रदेश भोज मुक्त विवि, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विवि तथा मंत्रालयीन कर्मचारी महासंघ ने भी अपना समर्थन दे दिया है। कर्मचारियों व अधिकारियों की हड़ताल के चलते तीसरे दिन भी कामकाज पूरी तरह ठप रहा। विभिन्न परीक्षा केंद्रों से लगातार पेपर नहीं मिलने की सूचनाएं आती रही और शाम को कॉलेजों से आई उत्तरपुस्तिकाएं भी लौटा दी गईं।

हड़ताल को लेकर कर्मचारी व उच्च शिक्षा विभाग आमने सामने आ गए हैं। बुधवार को शाम 6 बजे उच्च शिक्षा विभाग द्वारा बीयू रजिस्ट्रार को फेक्स से भेजे गए पत्र में कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमण्डल को गुरूवार दोपहर 12 बजे चर्चा के लिए बुलाया गया है। लेकिन साथ ही विभाग ने इस बात पर आपत्ति जतायी है कि कर्मचारियों ने बिना सूचना दिए हड़ताल शुरू की है। इससे न केवल विश्वविद्यालयों का कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि परीक्षाओं पर भी असर पड़ रहा। विभाग ने अकादमिक कैलेण्डर के पिछड़ने की भी बात कही है। जबकि कर्मचारियों ने विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना हड़ताल शुरू करने के आरोप का खण्डन किया है। कर्मचारियों का कहना है कि उच्च शिक्षा विभाग को लगातार एक माह से समय-समय पर मांगों को लेकर हड़ताल की सूचना दी जाती रही है।

उच्च शिक्षा विभाग को जितनी बार हड़ताल के संबंध में सूचित किया गया उस सबकी रसीद हमारे पास है। गुरूवार को चर्चा के दौरान वो सारी रसीदें दिखाएंगे। अगर चर्चा सफल नहीं होती तो हड़ताल जारी रहेगी।

अविनाश बुरबुरे, महासचिव

मप्र विश्वविद्यालयीन गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ

———–

*उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से अधिकारी संवर्ग की मांगों के निराकरण के लिए अभी तक लिखित में कोई आश्वासन नहीं मिला है। उसके बिना हड़ताल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जारी रहेगी।

डॉ.बी.भारती, महासचिव

मप्र राज्य विवि सेवा, अधिकारी संघ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here