भोपाल, जुलाई 2013/ मध्यप्रदेश में चालू मानसून के दौरान 6 जुलाई तक 48 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जिलों अनूपपुर और बालाघाट में सामान्य वर्षा हुई है। खरगोन जिले की तहसील बड़वाह में 3 एवं 4 जुलाई की रात्रि में लगातार वर्षा होने के कारण 94 मकान पूर्णतः नष्ट हो गये, जबकि 193 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वर्तमान में प्रदेश में वर्षा की स्थिति सामान्य है।
प्रदेश में अति-वृष्टि/बाढ़ से अब तक 18 जन-हानि, 46 पशु-हानि हुई हैं। सागर जिले में सर्वाधिक 5,468 मकान एवं अन्य सम्पत्ति को क्षति पहुँची है। विदिशा जिले में 464 मकान को आंशिक क्षति हुई है। सागर जिले में 24 हजार 636 हेक्टेयर में फसलों को क्षति हुई है।