भोपाल, अप्रैल 2013/ मध्यप्रदेश में मई माह से सेना के विभिन्न पद के लिये भर्ती रैली के आयोजन प्रारंभ होने जा रहे हैं। भर्ती रैली में प्रदेश के पात्र युवा अधिक से अधिक संख्या में शामिल करवाने की व्यवस्था के संबंध में गृह विभाग ने जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
भर्ती रैली के आयोजन को सफल बनाने के लिये कलेक्टर की अध्यक्षता में समन्वय समिति का गठन किये जाने के लिये कहा गया है। समिति में पुलिस अधीक्षक, आयुक्त नगर निगम अथवा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी शामिल रहेंगे। सैनिक कल्याण अधिकारी को रैली की सम्पूर्ण व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश में प्रतिवर्ष लगभग 3000 रिक्तियाँ सेना के विभिन्न पदों में भर्ती के लिये मध्यप्रदेश से निर्धारित की जाती हैं। मध्यप्रदेश असैनिक क्षेत्र होने से दूर-दराज के क्षेत्रों के निवासियों को सैन्य सेवा की पूरी जानकारी नहीं होती है। इसकी वजह से अनेक बार पदों की रिक्तियाँ पूरी तरह से भर नहीं पाती हैं। कलेक्टरों से भर्ती रैली की तिथियों एवं आयोजन-स्थल का व्यापक प्रचार-प्रसार किये जाने के लिये भी कहा गया है।