भोपाल, जुलाई 2013/ शहडोल संभाग गिनीज विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। शहडोल संभाग के तीन जिलों में 22 जुलाई को लगभग 50 लाख पौधे रोपे जाएंगे जिसका शुभारंभ वन मंत्री सरताज सिंह करेंगे। जंगल बचाओ अभियान में वन क्षेत्रों और वन क्षेत्रों से बाहर निजी भूमियों पर वन सुरक्षा समितियों के माध्यम से यह सामूहिक वृहद पौधरोपण संपन्न होगा। कलेक्टर शहडोल डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने अधिकारियों को भी लोगों के साथ मिलकर पौधरोपण और कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। हितग्राहियों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
वन मंत्री ने बताया कि गिनीज विश्व रिकार्ड संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में विश्व रिकार्ड 3 लाख पौधरोपण का है। इस महा-पौधरोपण के जरिये लगभग 35 लाख पौधे शहडोल जिले में रोपित होंगे। वन रोपणियों में यूकेलिप्टस, खमार, बाँस, बबूल, आँवला आदि के 50 लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए हैं।