नीमच, अप्रैल 2013/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नीमच जिले के मनासा में सामूहिक विवाह समारोह में नव वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। इनमें पाँच निःशक्त तथा एक निर्धन कन्या शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने वर-वधुओं को 25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि और विवाह प्रमाण-पत्र भी दिये। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने मनासा विकासखण्ड में लगभग दो करोड़ लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने संजीवनी 108 योजना में आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा, रेडक्रास द्वारा संचालित चलित चिकित्सा इकाई आरोग्यम् तथा नगर पंचायत कुकड़ेश्वर की फायर बिग्रेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अनेक निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने मनासा की आम सभा में नगर पंचायत मनासा को विकास कार्यों के लिये दो करोड़ तथा नगर पंचायत कुकड़ेश्वर तथा रामपुरा को एक-एक करोड़ रुपये स्वीकृत किये।