भोपाल, जून 2013/ राहत आयुक्त एवं प्रमुख सचिव राजस्व आर.के. चतुर्वेदी ने ग्वालियर और चंबल संभाग में भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर संबंधित कलेक्टर्स को सभी ऐहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिये हैं। प्रदेश में 1 जून से अब तक 112.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य वर्षा 35.8 मिलीमीटर से 216 प्रतिशत अधिक है।
प्रदेश में अच्छी वर्षा का दौर जारी है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में अब तक 121.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 251 प्रतिशत अधिक है। ग्वालियर जिले में सामान्य से 589 प्रतिशत, भिण्ड में सामान्य से 554, खण्डवा में सामान्य से 500, भोपाल में 236 और इंदौर में सामान्य से 380 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में मात्र बड़वानी और श्योपुर जिले में ही सामान्य से कम वर्षा हुई है।
पूर्वी मध्यप्रदेश में भी अब तक सामान्य से 174 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। नरसिंहपुर में सामान्य से 443 प्रतिशत अधिक, दमोह में 387, शहडोल में 309 और उमरिया जिले में सामान्य से 221 मिलीमीटर अधिक वर्षा हुई है। कटनी, पन्ना, रीवा और सीधी में सामान्य से कम वर्षा हुई है।