भोपाल, मार्च 2013/ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिये विशिष्ट बल तैयार किया जायेगा। यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों की जानकारी, सुरक्षा और देखभाल के लिये मेकेनिज्म बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री यहां मध्यप्रदेश पर्यटन के नये विज्ञापन रंग है  के लोकार्पण समारोह में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। पर्यटन में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश में पर्यटन स्थलों पर बजट होटलों के लिये पूंजीगत अनुदान की व्यवस्था की गयी है। दस विशेष पर्यटन क्षेत्र चयनित किये गये हैं। इनके विकास के लिये तेजी से काम किया जा रहा है। मध्यप्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान बनाया है। देश-विदेश के पर्यटक प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। वर्ष 2012 में 5 करोड़ 30 लाख पर्यटक प्रदेश में आये जबकि वर्ष 2006 में यह संख्या एक करोड़ 10 लाख थी। प्रदेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी 20 प्रतिशत की वृद्धि हुयी है। प्रदेश में पर्यटन व्यापार में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

पर्यटन राज्य मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन विकास निगम को इस वर्ष भी दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश एक स्थापित नाम है। आज लोकार्पित किया जा रहा पर्यटन विज्ञापन प्रदेश के पर्यटन को नया आयाम देगा। आरंभ में स्वागत भाषण पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष मोहन यादव ने दिया। विज्ञापन फिल्म के बारे में ओ.एन्ड.एम. एजेंसी के अजय मेनन ने बताया कि इस फिल्म में मध्यप्रदेश के सौ रंग थीम रखी गयी है। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के लिये 90 सेकेण्ड की यह विज्ञापन फिल्म एक करोड़ 25 लाख रूपये लागत से अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञापन एजेन्सी ओगेल्वी एण्ड माथर द्वारा तैयार की गयी है। इसे 60 सेकेण्ड और 30 सेकेण्ड में भी दिखाया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here