भोपाल, जून 2013/ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने निर्देश दिये हैं कि उत्तराखंड से आने वाले सभी तीर्थ-यात्रियों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुँचाया जाय। एक बोईंग विमान देहरादून से प्रदेश के 148 तीर्थ-यात्रियों को लेकर भोपाल पहुँचा। मुख्यमंत्री यहाँ उत्तराखंड प्राकृतिक आपदा में प्रदेश शासन द्वारा किये जा रहे राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

उन्‍होंने निर्देश दिये कि सभी कलेक्टर ग्रामवार तीर्थ-यात्रियों की सूची बनवायें तथा उनमें से जिन यात्रियों की जानकारी नहीं मिलती है उनकी उत्तराखंड के हर अंचल में खोज की जाये। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में व्यवस्थाओं में समन्वय कर रहे संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा से दूरभाष पर बात कर ताजा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जोशी मठ में भी मध्यप्रदेश का केम्प स्थापित हो गया है। जोशी मठ से प्रदेश के लगभग 250 यात्रियों को ट्रेक मार्ग द्वारा लाया जायेगा।

उत्तराखंड में दिवंगतों को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद् की बैठक में हाल ही में उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा में दिवंगत श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि दी गई। भारतीय प्रशासनिक सेवा के दिवंगत वरिष्ठ अधिकारी टी.धर्माराव को भी श्रद्धांजलि दी गई।

जिलों में भी दी जाए पूरी सहायता

इस बीच मुख्य सचिव आर. परशुराम ने विशेष वीडियो कान्फ्रेंन्सिंग के माध्यम से उत्तराखंड गए प्रदेश के नागरिकों के संबंध में कलेक्टर्स/कमिश्नर्स से चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि विभिन्न जिलों से उत्तराखंड गए व्यक्तियों की जानकारी अद्यतन की जाए। प्रदेश के जो नागरिक आपदा में असमय दिवंगत हो गए हैं उनके परिजन को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसी तरह लापता व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपए की मदद का प्रावधान किया गया है।

हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर दुख व्यक्त

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गौरी कुण्ड में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। वायुसेना का दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर उत्तराखण्ड आपदा बचाव कार्य में लगा था।

श्री चौहान ने कहा है कि तमाम विपरीत परिस्थितियों में लगातार बचाव कार्य करने वाले सैनिकों, वीरों के साहस को प्रणाम। धन्य है, वह राष्ट्र, समाज और परिवार जहाँ ऐसे वीर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here